नई दिल्ली: केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन ने घोषणा की है कि 50 से अधिक दवाएं “मानक गुणवत्ता की नहीं” (एनएसक्यू) हैं और पैरासिटामोल उनमें से एक है।
नवीनतम मासिक औषधि रिपोर्ट में सीडीएससीओ ने कहा कि पैरासिटामोल, कैल्शियम और विटामिन डी3 की खुराक, मधुमेह रोधी गोलियां और उच्च रक्तचाप की दवाएं परीक्षण में असफल रहीं।
कर्नाटक एंटीबायोटिक्स एंड फार्मास्युटिकल्स लिमिटेड की पैरासिटामोल गोलियों की गुणवत्ता पर भी चिंता जताई गई है।
रिपोर्ट के अनुसार 48 दवाइयां ऐसी हैं जो “मानक गुणवत्ता की नहीं” श्रेणी में आती हैं। हैरानी की बात यह है कि गॉज रोल नॉन स्टेराइल रोलर बैंडेज भी इस श्रेणी में आ गया है।
औषधि नियामक ने गुणवत्ता परीक्षण में विफल रही दवाओं की एक और सूची साझा की है, जिसमें 5 अतिरिक्त दवाओं के साथ-साथ उन दवा कंपनियों की ओर से जवाब भी शामिल है, जो इन परीक्षणों में विफल रहीं।
हालांकि, जवाबों से पता चलता है कि कंपनियों ने दवाओं की जिम्मेदारी लेने से इनकार करते हुए कहा कि वे “नकली” हैं।
सीडीएससीओ ने कुछ विनिर्माण फर्मों के जवाब भी पोस्ट किए, “वास्तविक निर्माता (लेबल दावे के अनुसार) ने सूचित किया है कि उत्पाद के संदिग्ध बैच का निर्माण उनके द्वारा नहीं किया गया है और यह एक नकली दवा है। उत्पाद को नकली बताया गया है, हालांकि, यह जांच के परिणाम के अधीन है।”
