टेस्ला और ट्विटर सहित पांच कंपनियों का नेतृत्व करने वाले एलन मस्क ने शुक्रवार को एक ट्वीट में कहा कि कठिन अर्थव्यवस्था की संभावना के बावजूद उनकी कंपनियां 2023 में अच्छी स्थिति में रहेंगी।
मस्क का यह ट्वीट ट्विटर के दिवालिया होने की संभावना जताने के एक दिन बाद आया है। इससे पहले दिन में, अपने पहले कंपनी-व्यापी ईमेल में, मस्क ने चेतावनी दी थी कि अगर ट्विटर गिरती विज्ञापन आय की भरपाई के लिए सब्सक्रिप्शन राजस्व बढ़ाने में विफल रहता है, तो वह “आगामी आर्थिक मंदी से बच नहीं पाएगा”, संदेश देखने वाले तीन लोगों ने रॉयटर्स को बताया।
ट्विटर पर वर्तमान में 13 बिलियन डॉलर (लगभग 1,050 करोड़ रुपये) का कर्ज है और अगले 12 महीनों में उसे लगभग 1.2 बिलियन डॉलर (लगभग 9,685 करोड़ रुपये) का ब्याज भुगतान करना है।
यह भुगतान कंपनी के हाल ही में घोषित नकदी प्रवाह से अधिक है, जो जून के अंत तक 1.1 बिलियन डॉलर (लगभग 8,880 करोड़ रुपये) था।
इस बीच, इलेक्ट्रिक कार निर्माता टेस्ला ने अक्टूबर में चीन के शंघाई में अपनी इन्वेंट्री में अब तक की सबसे तेज गति से वृद्धि की।
टेस्ला, जो चीन को अपना प्रमुख बाजार और उत्पादन केंद्र मानता है, शंघाई में एक कारखाना संचालित करता है, जहां पिछले वर्ष उसकी लगभग आधी वैश्विक डिलीवरी हुई।
चाइना मर्चेंट्स बैंक इंटरनेशनल (सीएमबीआई) के आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में टेस्ला ने शंघाई में 87,706 मॉडल 3 और मॉडल वाई का उत्पादन किया, लेकिन 71,704 वाहन वितरित किए, जिससे इन्वेंट्री में 16,002 चीन निर्मित कारों का अंतर रह गया।
बिक्री को बढ़ावा देने के लिए, टेस्ला ने चीन में अपने मॉडल 3 और मॉडल वाई कारों की कीमतों में कमी की और नवंबर में डिलीवरी लेने वाले और अपने किसी साझेदार से बीमा खरीदने वाले खरीदारों को अतिरिक्त छूट की पेशकश भी की।
मस्क ने पिछले महीने विश्लेषकों को बताया था कि तिमाही में मांग मजबूत थी और उन्हें उम्मीद है कि टेस्ला “मंदी के प्रति लचीली” होगी।
मस्क सैटेलाइट इंटरनेट कंपनी स्पेसएक्स, ब्रेन-चिप स्टार्टअप न्यूरालिंक और टनलिंग एंटरप्राइज द बोरिंग कंपनी के सीईओ भी हैं।
© थॉमसन रॉयटर्स 2022