नई दिल्ली: उच्चतम न्यायालय ने शुक्रवार को केंद्र और उत्तराखंड सरकार से उस याचिका पर जवाब मांगा, जिसमें एक लड़की ने देश भर में अस्पताल कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए दिशानिर्देश बनाने की मांग की है। लड़की की मां के साथ कथित तौर पर बलात्कार किया गया था और उसकी हत्या कर दी गई थी।
मुख्य न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ और न्यायमूर्ति जे बी पारदीवाला और न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा की पीठ लड़की की याचिका पर सुनवाई कर रही थी, जिसने अपने नाना के माध्यम से अदालत का दरवाजा खटखटाया था, जिसमें उत्तराखंड पुलिस की ओर से उसकी मां के कथित बलात्कार और हत्या के संबंध में प्राथमिकी दर्ज करने में देरी और अन्य प्रक्रियात्मक खामियों का आरोप लगाया गया था, जो राज्य के एक अस्पताल में कार्यरत थी।
चिकित्सा योग्यता की परवाह किए बिना अस्पताल के कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए दिशा-निर्देश तैयार करने के लिए केंद्र को निर्देश देने के अलावा, याचिका में यह भी मांग की गई है कि “किसी महिला के लापता होने और उचित समय-सीमा के भीतर उसका पता न लगा पाने की स्थिति में एक केंद्रीकृत अलर्ट जारी करने का आदेश दिया जाए।”
लड़की ने अपनी मां, जो अस्पताल में ओपीडी सहायक के रूप में कार्यरत थी, की मौत और कथित यौन उत्पीड़न की स्वतंत्र जांच की मांग की है।
याचिका के अनुसार, पीड़िता 30 जुलाई की शाम को लापता हो गई थी और उसका आंशिक रूप से सड़ा हुआ शव 8 अगस्त को उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में उसके अपार्टमेंट के पास मिला था।
याचिका में कहा गया है कि पुलिस ने मीडिया में हो-हल्ला मचने और आंदोलन के बाद गुमशुदगी की रिपोर्ट और यहां तक कि एफआईआर भी देरी से दर्ज की।
एफआईआर 14 अगस्त को दर्ज की गई थी।
इसमें कहा गया है, “यहां यह उल्लेख करना उचित है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी मृतक की मौत के किसी विशिष्ट कारण को प्रमाणित करने में विफल रही है और इसमें इस आधार पर सभी बातों को छुपाया गया है कि सड़न की उन्नत अवस्था के कारण, किसी भी त्वचा या आंतरिक चोट की उपस्थिति या अनुपस्थिति के बारे में कोई निश्चित टिप्पणी करना संभव नहीं है, जो व्यक्तिगत या सामूहिक रूप से मौत का कारण हो सकती है या मौत के कारण में योगदान दे सकती है।”
याचिका में कहा गया है कि नाबालिग महिला यौन उत्पीड़न अन्य अपराधों की पीड़ितों/उत्तराखंड महिला मुआवजा योजना, 2022 के तहत मुआवजे की हकदार है और अभी तक उसे या उसके दादा को कोई सहायता नहीं दी गई है।
याचिका में कहा गया है कि यह स्पष्ट है कि स्थानीय पुलिस द्वारा की गई जांच विश्वसनीय नहीं है और स्वतंत्र जांच की जरूरत है।
