इलेक्ट्रिक स्कूटर बनाने वाली कंपनी ओकिनावा ऑटोटेक ने शनिवार को कहा कि वह बैटरी से जुड़ी किसी भी समस्या की जांच और उसे तत्काल प्रभाव से ठीक करने के लिए अपने प्रेज प्रो स्कूटर की 3,215 यूनिट वापस मंगा रही है। कंपनी ने एक बयान में कहा कि यह पहल कंपनी के व्यापक पावर पैक स्वास्थ्य जांच शिविरों का हिस्सा है।
ओकिनावा ने देश भर में इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों में आग लगने की विभिन्न घटनाओं के बीच यह रिकॉल शुरू किया है।
ओकिनावा ऑटोटेक ने कहा, “बैटरियों की ढीले कनेक्टर या किसी भी प्रकार के नुकसान के लिए जांच की जाएगी तथा भारत भर में ओकिनावा के किसी भी अधिकृत डीलरशिप पर उनकी नि:शुल्क मरम्मत की जाएगी।”
इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन निर्माता अपने डीलर भागीदारों के साथ मिलकर काम कर रहा है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि मरम्मत का अनुभव उसके ग्राहकों की सुविधा के अनुसार हो, जिसके लिए वाहन मालिकों से व्यक्तिगत रूप से संपर्क किया जाएगा।
कंपनी ने कहा, ''यह स्वैच्छिक अभियान हाल ही में हुई थर्मल घटना के मद्देनजर और ग्राहकों की सुरक्षा के लिए कंपनी की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता के अनुरूप है।'' ओला इलेक्ट्रिक द्वारा लॉन्च किए गए ई-स्कूटर में पुणे में आग लगने के बाद सरकार ने पिछले महीने जांच के आदेश दिए थे।
सड़क परिवहन मंत्रालय के अनुसार, अग्नि, विस्फोटक एवं पर्यावरण सुरक्षा केंद्र (सीएफईईएस) को घटना के कारणों की जांच करने तथा उपचारात्मक उपाय सुझाने को कहा गया है।
यह घटना तब प्रकाश में आई जब ई-स्कूटर में आग लगने का वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हुआ और उपयोगकर्ताओं ने वाहन के सुरक्षा मानकों पर सवाल उठाए।
इलेक्ट्रिक वाहन बनाने वाली एक अन्य कंपनी जीतेंद्र न्यू ईवी टेक भी कंटेनर ट्रक में ले जाए जा रहे अपने इलेक्ट्रिक स्कूटर में आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। यह घटना 9 अप्रैल को महाराष्ट्र के नासिक में कंपनी के फैक्ट्री गेट के पास हुई थी।