सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को कहा कि प्रौद्योगिकी और हरित ईंधन के क्षेत्र में तेजी से हो रही प्रगति से इलेक्ट्रिक वाहनों की लागत कम हो जाएगी और अगले दो वर्षों में वे पेट्रोल से चलने वाले वाहनों के बराबर आ जाएंगे।
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की अनुदान मांगों, 2022-23 पर लोकसभा में जवाब देते हुए, गडकरी ने लागत प्रभावी स्वदेशी ईंधन पर स्थानांतरित होने की आवश्यकता पर बल दिया और आशा व्यक्त की कि यह ईंधन जल्द ही एक वास्तविकता बन जाएगा, जिससे प्रदूषण के स्तर में कमी आएगी और दिल्ली में समग्र स्थिति में सुधार होगा।
सांसदों से परिवहन के लिए हाइड्रोजन प्रौद्योगिकी अपनाने का आग्रह करते हुए गडकरी ने उनसे अपने-अपने जिलों में सीवेज के पानी को हरित हाइड्रोजन में परिवर्तित करने के लिए पहल करने को कहा।
उन्होंने कहा कि हाइड्रोजन जल्द ही सबसे सस्ता ईंधन विकल्प होगा।
गडकरी ने कहा, “मैं कह सकता हूं कि अधिकतम दो वर्षों के भीतर इलेक्ट्रिक स्कूटर, कार, ऑटोरिक्शा की कीमत पेट्रोल से चलने वाले स्कूटर, कार, ऑटोरिक्शा के बराबर हो जाएगी। लिथियम-आयन बैटरी की कीमतें कम हो रही हैं। हम जिंक-आयन, एल्युमीनियम-आयन, सोडियम-आयन बैटरी की यह रसायन शास्त्र विकसित कर रहे हैं। यदि पेट्रोल पर आप 100 रुपये खर्च कर रहे हैं, तो इलेक्ट्रिक वाहन पर आपको 10 रुपये (उपयोग के लिए) खर्च करने होंगे।”