वाहन निर्माता कंपनी एमजी मोटर ने सोमवार को कहा कि उसने अपने ग्राहकों और हितधारकों को विभिन्न क्षेत्रों में एक अनूठा अनुभव प्रदान करने के लिए मेटावर्स प्लेटफॉर्म एमजीवर्स लॉन्च किया है।
इस पहल के साथ, ब्रांड का लक्ष्य कंपनी के ग्राहकों, साझेदारों और कर्मचारियों को काम करने, खेलने, जुड़ने, सहयोग करने, सह-निर्माण करने, सामाजिक मेलजोल और खरीदारी के लिए एक साथ लाना है।
यह उपयोगकर्ताओं को स्क्रीन के प्रतिबंधों और दूरी की सीमाओं से आगे बढ़कर एक ऐसे भविष्य में ले जाने में सक्षम बनाएगा, जहां हर कोई एक साथ मिलकर नई संभावनाएं बना सकेगा और नई चीजों का अनुभव कर सकेगा।
एमजी मोटर इंडिया के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी गौरव गुप्ता ने कहा, “मानव इतिहास में किसी भी अन्य नवाचार की तुलना में डिजिटल प्रौद्योगिकियां तेजी से आगे बढ़ी हैं। एमजीवर्स एक कदम आगे है, जहां उपयोगकर्ता वास्तविक दुनिया की तरह ही विज़ुअलाइज़्ड डेटा के साथ बातचीत कर सकते हैं।”
उन्होंने कहा कि कंपनी का लक्ष्य ग्राहकों को हर टचपॉइंट पर बेहतरीन अनुभव प्रदान करना है।
गुप्ता ने कहा, “एमजीवर्स हमारा मेटावर्स बनाने का विजन है, जिसमें हम और हमारे साझेदार भविष्य में ग्राहक अनुभव को लगातार बढ़ाने के लिए लगातार नए समाधानों की खोज, नवाचार, सुधार और विकास करेंगे।”
उन्होंने कहा कि इस पहल से कंपनी को नई पीढ़ी के साथ अपने संबंधों को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।
वाहन निर्माता कंपनी ने कहा कि वह इस पहल के तहत पांच अलग-अलग अनुभव केंद्र उपलब्ध कराएगी।
यह प्लेटफॉर्म मोबाइल के साथ-साथ अन्य वेब ब्राउज़रों पर भी उपलब्ध होगा और कंपनी वीआर (वर्चुअल रियलिटी) हेडसेट के लिए भी इसी तरह के अनुभव उपलब्ध कराने का इरादा रखती है, जिससे घर और डीलरशिप में अधिक यथार्थवादी अनुभव प्राप्त हो सके।
कंपनी ने कहा कि इस प्लेटफॉर्म का क्रियान्वयन चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा, जिसका पहला चरण आगामी त्यौहारी सीजन के दौरान क्रियान्वित किया जाएगा।