नई दिल्ली: भारत ने रविवार को म्यांमार, लाओस और वियतनाम को 'सद्भाव' नामक अभियान के तहत तत्काल राहत सामग्री भेजी ताकि उन्हें एक बड़े तूफान के प्रभाव से निपटने में सहायता मिल सके। म्यांमार, लाओस और वियतनाम के विभिन्न हिस्से इस साल एशिया के सबसे शक्तिशाली तूफान यागी के कारण आए भीषण बाढ़ से जूझ रहे हैं।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि भारतीय नौसैनिक जहाज आईएनएस सतपुड़ा के जरिए म्यांमार को सूखा राशन, कपड़े और दवाइयों सहित 10 टन सहायता भेजी गई।
भारतीय वायु सेना का एक सैन्य परिवहन विमान वियतनाम के लिए 35 टन तथा लाओस के लिए 10 टन राहत सामग्री ले जा रहा है।
जयशंकर ने 'एक्स' पर कहा, “भारत ने ऑपरेशन सद्भाव शुरू किया है। तूफान यागी से प्रभावित लोगों के साथ अपनी एकजुटता प्रदर्शित करते हुए भारत म्यांमार, वियतनाम और लाओस को सहायता भेज रहा है।”
उन्होंने कहा, “आज भारतीय नौसेना के आईएनएस सतपुरा पर सूखा राशन, कपड़े और दवाइयों सहित 10 टन सहायता म्यांमार के लिए रवाना की गई।”
जयशंकर ने कहा, “@IAF_MCC वियतनाम के लिए 35 टन सहायता लेकर जा रहा है, जिसमें जल शोधन सामग्री, पानी के कंटेनर, कंबल, रसोई के बर्तन, सौर लालटेन शामिल हैं।”
उन्होंने कहा, “लाओस के लिए 10 टन सहायता भेजी गई है, जिसमें जेनसेट, जल शुद्धिकरण सामग्री, स्वच्छता सामग्री, मच्छरदानी, कंबल और स्लीपिंग बैग शामिल हैं।”
