दिल्ली सरकार शहर में मॉल, अपार्टमेंट, अस्पताल और ऐसे अन्य स्थानों पर दोपहिया और तिपहिया सहित हल्के इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए निजी चार्जर लगाने के लिए केवल 2,500 रुपये का शुल्क लेगी।
दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने एकल खिड़की सुविधा का शुभारंभ करते हुए यह घोषणा की। उपभोक्ता संबंधित डिस्कॉम पोर्टल पर जाकर या निजी चार्जिंग स्टेशन की स्थापना के लिए हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करके इसका लाभ उठा सकते हैं।
आवेदक पोर्टल पर जाकर सरकार द्वारा सूचीबद्ध विश्वसनीय इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जर देख सकते हैं। वे इन चार्जर की कीमत की तुलना कर सकते हैं और उन्हें ऑनलाइन या फोन कॉल के माध्यम से ऑर्डर कर सकते हैं।
दिल्ली सरकार चार्जिंग स्टेशनों के लिए पहले 30,000 आवेदकों को 6,000 रुपये की सब्सिडी दे रही है, जिससे प्रत्येक चार्जर की प्रभावी लागत घटकर लगभग 2,500 रुपये रह जाएगी।
गहलोत ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि दिल्ली सरकार द्वारा दिए गए प्रोत्साहन से चार्जर की लागत में 70 प्रतिशत तक की कमी आएगी।
उन्होंने आश्वासन दिया कि इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जरों की स्थापना और परिचालन का कार्य आवेदन जमा करने के सात कार्य दिवसों के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।
आवेदक कम विद्युत शुल्क का लाभ उठाने के लिए नया विद्युत कनेक्शन (प्रीपेड मीटर सहित) चुन सकते हैं या मौजूदा कनेक्शन जारी रख सकते हैं।
उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के कुशल नेतृत्व में, दिल्ली सरकार दिल्ली को भारत की ईवी राजधानी बनाने की दिशा में आगे बढ़ा रही है। चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर तक पहुंच बढ़ने से ईवी खरीदने से पहले किसी भी तरह की शंका और अनिश्चितता दूर हो जाएगी।”
दिल्ली डायलॉग एंड डेवलपमेंट कमीशन (डीडीसी) के उपाध्यक्ष जैस्मीन शाह ने दावा किया कि मॉल, कार्यालयों, आवासीय सोसाइटियों, कॉलेजों में निजी चार्जर लगाने के लिए एकल खिड़की सुविधा भारत में पहली बार उपलब्ध हो रही है।
इन ईवी चार्जिंग पॉइंट्स के माध्यम से खपत की जाने वाली बिजली के लिए सरकार द्वारा निर्धारित टैरिफ दर 4.5 रुपये प्रति यूनिट है।
गहलोत ने कहा, “ईवी चार्जर लगाने की ऐसी सुविधाजनक प्रक्रिया भारत में पहली बार विकसित की गई है और इनकी व्यापक स्थापना के साथ, दिल्ली ईवी चार्जिंग पॉइंट तक पहुंच के मामले में दुनिया का सबसे अच्छा शहर बन जाएगा।”
मंत्री ने कहा, “अब कोई भी व्यक्ति मात्र 2,500 रुपये की कनेक्शन लागत पर निजी ईवी चार्जर स्थापित कर सकता है। हमने एक अनुकूल वातावरण तैयार किया है, जो आने वाले समय में यह सुनिश्चित करेगा कि दिल्ली की सड़कों पर अधिक से अधिक इलेक्ट्रिक वाहन दौड़ें।”
सिंगल विंडो पोर्टल आवेदक को अपनी सुविधानुसार इंस्टॉलेशन शेड्यूल करने की सुविधा देता है। वे हल्के ईवी चार्जर के लिए 6,000 रुपये तक की सब्सिडी का लाभ उठा सकते हैं और शेष राशि (2,500 रुपये) का भुगतान कर सकते हैं।
ईवी चार्जर की स्थापना के लिए स्थान की आवश्यकता न्यूनतम है।
LEV AC के लिए केवल एक वर्ग फुट और AC 001 के लिए दो वर्ग फुट की आवश्यकता होती है, DC-001 को दो वर्ग मीटर क्षेत्र और दो मीटर ऊंचाई वाली जमीन पर स्थापित किया जा सकता है।
LEV AC चार्जर और AC 001 चार्जर दोनों दीवार पर लगे होते हैं।
परिवहन विभाग के एक बयान में कहा गया है कि दिल्ली सरकार अपनी आधिकारिक अधिसूचना के दो महीने के भीतर भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) 2021 चार्जिंग मानकों के अनुरूप एलईवी एसी चार्जर पेश करने वाली पहली सरकार होगी।
इन दोनों चार्जरों का उपयोग मुख्य रूप से दो पहिया और तीन पहिया वाहनों को चार्ज करने के लिए किया जाता है। डीसी 001 चार्जिंग मानक का उपयोग मुख्य रूप से फ्लीट ऑपरेटरों द्वारा उपयोग की जाने वाली ई-कारों के लिए किया जाता है।