उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुरुवार को कहा कि भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) ने उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इलेक्ट्रिक वाहन बैटरियों के लिए प्रदर्शन मानक तैयार किए हैं।
अधिकारी ने बताया कि उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के तहत काम करने वाली राष्ट्रीय मानक निर्धारण संस्था बीआईएस ने “इलेक्ट्रॉनिक वाहन बैटरियों के लिए प्रदर्शन मानक” प्रकाशित किए हैं।
अधिकारी ने बताया कि मानक “आईएस 17855: 2022” को लिथियम-आयन ट्रैक्शन बैटरी पैक और विद्युत चालित सड़क वाहनों की प्रणालियों के लिए तैयार किया गया है और इसे आईएसओ 12405-4: 2018 के साथ सुसंगत बनाया गया है।
अधिकारी के अनुसार, नए ईवी बैटरियों के मानक में उच्च शक्ति या उच्च ऊर्जा अनुप्रयोग के लिए बैटरी पैक और प्रणाली के लिए प्रदर्शन, विश्वसनीयता और विद्युत कार्यक्षमता की बुनियादी विशेषता के लिए परीक्षण प्रक्रिया को शामिल किया गया है।
यह मानक इलेक्ट्रिक वाहन के लिए वास्तविक जीवन परिदृश्यों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है जैसे कि वाहन पार्किंग में है (बैटरी का लंबे समय तक उपयोग नहीं किया गया है), बैटरी सिस्टम को शिप किया जा रहा है (भंडारित किया जा रहा है) और कम और उच्च तापमान पर बैटरी का संचालन किया जा रहा है। तदनुसार, इस मानक में विभिन्न परीक्षण शामिल किए गए हैं।
इलेक्ट्रिक वाहन इलेक्ट्रिक मोटर और रिचार्जेबल बैटरी पर चलते हैं। पिछले एक दशक में, बाजार में इलेक्ट्रिक वाहनों की दृश्यता और उपलब्धता में वृद्धि हुई है। ज़्यादातर इलेक्ट्रिक वाहन अपने उच्च पावर-टू-वेट अनुपात के कारण लिथियम-आयन बैटरी का उपयोग करते हैं।
अधिकारी ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक वाहनों के लिए बैटरी के सुरक्षा पहलू पर विचार करते हुए, बीआईएस विभिन्न यात्री और मालवाहक वाहनों (एल, एम और एन श्रेणियों) के लिए बैटरी से संबंधित दो और मानक प्रकाशित करने की प्रक्रिया में है।