इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन निर्माता ओकिनावा ऑटोटेक ने बुधवार को कहा कि वह राजस्थान के करोली में नया विनिर्माण संयंत्र स्थापित करने के लिए 500 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
ओकिनावा ऑटोटेक ने एक बयान में कहा कि 30 एकड़ भूमि में फैले इस कारखाने की वार्षिक उत्पादन क्षमता 10 लाख इकाई होगी और यह अक्टूबर 2023 से पूरी तरह चालू हो जाएगा।
इस प्लांट में 5,000 से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा। कंपनी ने बताया कि यह राजस्थान के अलवर में दो विनिर्माण संयंत्रों के अलावा कंपनी का तीसरा प्लांट होगा।
ओकिनावा ऑटोटेक के संस्थापक और प्रबंध निदेशक जीतेंद्र शर्मा ने कहा, “इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन खंड में बाजार अग्रणी होने के नाते, हम इस क्षेत्र के सामने आने वाले सबसे महत्वपूर्ण मुद्दों को हल करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मेगा फैक्ट्री में नियोजित आरएंडडी सुविधाएं भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाई जाएंगी, ताकि हम इस क्षेत्र की मांग को पूरा कर सकें।”
उन्होंने कहा कि कारखाना न केवल वाहनों के विनिर्माण पर ध्यान केंद्रित करेगा, बल्कि इसमें एक आपूर्तिकर्ता पार्क भी होगा जो संपूर्ण ईवी पारिस्थितिकी तंत्र का समर्थन करने के लिए मोटर, नियंत्रक, बैटरी पैक और अन्य विद्युत भागों को ध्यान में रखेगा।
कंपनी ने कहा कि इस संयंत्र में एक मोटर और नियंत्रक संयंत्र के साथ-साथ एक आंतरिक स्वचालित रोबोट बैटरी विनिर्माण इकाई भी होगी। इसके अलावा, प्लास्टिक बॉडी पार्ट्स मोल्डिंग के लिए रोबोटिक स्वचालन और उत्पादन प्रक्रिया में स्थानीयकरण की सुविधा के लिए एक अत्याधुनिक पेंट शॉप भी होगी।
ओकिनावा ने कहा कि टैसिटा के साथ मौजूदा संयुक्त उद्यम के तहत घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों के लिए स्कूटरों और मोटरसाइकिलों की पूरी श्रृंखला का विनिर्माण नए संयंत्र में किया जाएगा।