कोलकाता: आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के एक पूर्व उपाधीक्षक ने बुधवार को कलकत्ता उच्च न्यायालय का रुख कर पूर्व प्राचार्य संदीप घोष के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय से जांच की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी अस्पताल में उनके कार्यकाल के दौरान घोष ने वित्तीय अनियमितताएं कीं। न्यायमूर्ति राजर्षि भारद्वाज ने अख्तर अली को याचिका दायर करने की अनुमति दी, जिसमें घोष के खिलाफ कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच के लिए प्रवर्तन निदेशालय को निर्देश देने का आदेश मांगा गया।
अली ने पहले दावा किया था कि उन्होंने 2023 में पश्चिम बंगाल सरकार के अधिकारियों से घोष के खिलाफ शिकायत की थी।
राज्य सरकार ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच के लिए सोमवार को एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था। यह मामला 9 अगस्त को एक सेमिनार हॉल में एक महिला डॉक्टर का शव मिलने के बाद राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में आया था।
उच्च न्यायालय के निर्देश पर सीबीआई स्नातकोत्तर प्रशिक्षु के कथित बलात्कार और हत्या की जांच कर रही है।
