लंदन: विश्व स्वास्थ्य संगठन शुक्रवार को एक आपातकालीन बैठक आयोजित करने वाला है, जिसमें एमपॉक्स के लिए परीक्षण, उपचार और टीकों तक निष्पक्ष वैश्विक पहुंच सुनिश्चित करने के तरीकों पर चर्चा की जाएगी। एक प्रमुख अधिकारी ने यह जानकारी दी। यह बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब अफ्रीका और उसके बाहर भी यह वायरल संक्रमण फैल रहा है।
बैठक में स्वास्थ्य विशेषज्ञों के गठबंधन के सदस्य भाग लेंगे जो कोविड-19 के प्रति वैश्विक प्रतिक्रिया की देखरेख करते हैं और इसमें बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन और गावी (वैक्सीन एलायंस) जैसी वैश्विक स्वास्थ्य एजेंसियां शामिल हैं।
बैठक के अध्यक्ष और विश्व स्वास्थ्य संगठन के विशेष दूत अयोडे अलाकिजा ने कहा कि वे इस बात पर चर्चा करेंगे कि कैसे सुनिश्चित किया जाए कि कोविड महामारी के दौरान चिकित्सा उपचारों तक समान पहुंच सुनिश्चित करने में हुई विफलताएं एमपॉक्स प्रकोप के साथ दोहराई न जाएं।
संयुक्त राष्ट्र स्वास्थ्य एजेंसी ने इस सप्ताह एमपॉक्स के लिए वैश्विक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया है, जब डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो में बड़े पैमाने पर प्रकोप आस-पास के देशों में फैल गया। स्वीडन ने भी गुरुवार को अफ्रीका के बाहर प्रकोप से जुड़े पहले मामले की सूचना दी।
अलाकिजा ने कहा, “पिछली बार हम उत्पाद तक पहुंच बनाने में असफल रहे थे, लेकिन हमने उनसे सबक सीख लिया है… और मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि समानता (समान पहुंच) वह पहली चीज हो जिसके बारे में हम (अभी) सोच रहे हैं।”
