वाहन निर्माता कंपनी किआ इंडिया ने गुरुवार को कहा कि वह लंबित बुकिंग को पूरा करने के लिए देश में अधिक ईवी6 इकाइयां लाने पर विचार कर रही है।
कंपनी ने कहा कि उसने अब तक ग्राहकों को ईवी6 की 200 इकाइयां वितरित की हैं, जो पूर्णतः निर्मित इकाई (सीबीयू) के रूप में आती हैं।
दक्षिण कोरियाई वाहन निर्माता कंपनी ने एक बयान में कहा कि यह संख्या पूरे वर्ष के लिए शुरू में नियोजित 100 इकाइयों से दोगुनी है।
कंपनी ने कहा, ''अब कंपनी 2022 में ईवी6 के कुल आवंटन को और बढ़ाने तथा लंबित अधिकांश डिलीवरी को इसी साल पूरा करने की योजना बना रही है।'' कंपनी ने इस साल जून में देश में ईवी6 लॉन्च किया था तथा ग्राहकों को डिलीवरी पिछले महीने शुरू हुई थी।
किआ इंडिया के मुख्य बिक्री अधिकारी म्युंग-सिक सोहन ने कहा, “ईवी6 के लॉन्च के समय, प्राप्त सकारात्मक प्रतिक्रिया के बीच, हमने अपने ग्राहकों से 2022 के लिए शुरू में आवंटित 100 इकाइयों के अलावा ईवी6 की अधिक इकाइयां लाने का वादा किया था। आगे बढ़ते हुए, हमारा ध्यान सभी मौजूदा और नई बुकिंग की डिलीवरी जल्द से जल्द पूरी करने पर होगा।”
EV6 को किआ के समर्पित EV प्लेटफॉर्म, इलेक्ट्रिक-ग्लोबल मॉड्यूलर प्लेटफॉर्म (E-GMP) पर बनाया गया है, और यह देश में EV क्षेत्र में किआ की यात्रा की शुरुआत है।
यह कार पूर्ण चार्ज पर 708 किलोमीटर तक की ड्राइविंग रेंज (ARAI प्रमाणित) के साथ आती है।
अपने ईवी रोडमैप के हिस्से के रूप में, किआ ने 2025 तक देश में भारत-केंद्रित ईवी लॉन्च करने की भी योजना बनाई है।