जापानी वाहन निर्माता कंपनी सुजुकी और 'उड़ने वाली कार' बनाने वाली कंपनी स्काईड्राइव ने मंगलवार को कहा कि उन्होंने इलेक्ट्रिक, वर्टिकल टेकऑफ और लैंडिंग विमानों के अनुसंधान, विकास और विपणन में मिलकर काम करने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।
एक संयुक्त बयान में, दोनों कंपनियों ने कहा कि वे भारत पर शुरुआती ध्यान केंद्रित करते हुए नए बाजार खोलने के लिए भी काम करेंगे, जहां सुजुकी की ऑटो बाजार में लगभग आधी हिस्सेदारी है। सुजुकी ने रविवार को घोषणा की कि वह इलेक्ट्रिक वाहन और बैटरी बनाने के लिए अपने भारत कारखाने में 10,420 करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना बना रही है।
कंपनियों ने अपनी साझेदारी में निवेश का विवरण नहीं बताया, न ही किसी उत्पादन समय-सारिणी या लक्ष्य की रूपरेखा बताई।
2018 में स्थापित, टोक्यो मुख्यालय वाली स्काईड्राइव के मुख्य शेयरधारकों में ट्रेडिंग हाउस इटोचू, टेक फर्म एनईसी और ऊर्जा कंपनी एनियोस होल्डिंग्स की एक इकाई जैसी बड़ी जापानी कंपनियाँ शामिल हैं। इसकी वेबसाइट के अनुसार, 2020 में इसने सीरीज बी फंड में कुल 5.1 बिलियन येन (लगभग 320 करोड़) जुटाए।
स्काईड्राइव वर्तमान में एक कॉम्पैक्ट, दो-सीटिंग वाली इलेक्ट्रिक-पावर्ड फ्लाइंग कार के विकास में लगी हुई है, जिसके पूर्ण पैमाने पर उत्पादन की योजना है। बयान में यह नहीं बताया गया कि सुजुकी इस विशिष्ट वाहन पर काम करेगी या नहीं।
कंपनी, जो कार्गो ड्रोन भी विकसित कर रही है, का लक्ष्य 2025 में ओसाका में 'उड़ने वाली कार' सेवा शुरू करना है, जब जापानी शहर विश्व एक्सपो की मेजबानी करेगा।
बयान में कहा गया है कि सुजुकी के लिए यह साझेदारी ऑटोमोबाइल, मोटरसाइकिल और आउटबोर्ड मोटर्स के अलावा चौथे मोबिलिटी व्यवसाय के रूप में 'उड़ने वाली कारों' को भी जोड़ेगी।