दोपहिया और तिपहिया वाहन निर्माता कंपनी टीवीएस ने अपना नवीनतम इलेक्ट्रिक स्कूटर आईक्यूब लॉन्च किया है, जो एक बार चार्ज करने पर 140 किलोमीटर की श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ रेंज सहित कई खूबियों से लैस है। कंपनी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
शहर स्थित कंपनी ने कहा कि उसने इलेक्ट्रिक स्कूटर के तीन वेरिएंट का अनावरण किया है, जिसमें सात इंच की टचस्क्रीन, वॉयस असिस्ट, आईक्यूब एलेक्सा स्किलसेट, म्यूजिक प्लेयर, प्लग एंड प्ले के साथ फास्ट चार्जिंग, ब्लूटूथ कनेक्टिविटी आदि सुविधाएं होंगी।
कंपनी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि टीवीएस आईक्यूब और टीवीएस आईक्यूब एस, फेम (हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक वाहनों का तेजी से अपनाना और विनिर्माण) तथा राज्य सब्सिडी सहित नई दिल्ली में क्रमशः 98,564 रुपये और 1,08,690 रुपये की कीमत पर उपलब्ध होंगे, जबकि टॉप एंड वेरिएंट टीवीएस आईक्यूब एसटी की कीमत और बुकिंग की घोषणा बाद में की जाएगी।
कंपनी ने कहा कि टीवीएस आईक्यूब सीरीज तीन वेरिएंट, 11 रंगों और तीन चार्जिंग विकल्पों में उपलब्ध होगी।
टीवीएस आईक्यूब और आईक्यूब एस की बुकिंग वेबसाइट के अलावा 33 शहरों में कंपनी डीलरशिप पर भी उपलब्ध है।
कंपनी ने कहा कि टॉप एंड वैरिएंट टीवीएस आईक्यूब एसटी प्री-बुकिंग के लिए उपलब्ध होगा और कंपनी जल्द ही बुकिंग और डिलीवरी समय की घोषणा करेगी।
टीवीएस मोटर कंपनी के प्रबंध निदेशक सुदर्शन वेणु ने कहा, “नए टीवीएस आईक्यूब का लॉन्च, अभूतपूर्व बुद्धिमान और व्यक्तिगत कनेक्टेड अनुभव के साथ विश्व स्तरीय ईवी प्रौद्योगिकी की पेशकश करने की हमारी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।”
उन्होंने कहा, “टीवीएस मोटर 10 वर्षों से अधिक समय से इलेक्ट्रिक प्रौद्योगिकियों में निवेश कर रही है और टीवीएस आईक्यूब ने हमारे हजारों ग्राहकों को एक अद्वितीय इलेक्ट्रिक राइडिंग अनुभव प्रदान किया है। टीवीएस मोटर अपने नवाचारों और उन्नत प्रौद्योगिकी पेशकशों के साथ कनेक्टेड मोबिलिटी और ईवी में नए मानक स्थापित करना जारी रखेगी।”
टीवीएस मोटर के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (फ्यूचर मोबिलिटी) मनु सक्सेना ने कहा कि नई टीवीएस आईक्यूब सीरीज में अधिक रेंज के साथ-साथ कई चार्जिंग विकल्प हैं और यह श्रेणी में अग्रणी डिस्प्ले और यूजर इंटरफेस विकल्पों के साथ आती है।
उन्होंने कहा, “इसके अतिरिक्त, यह नए युग के कनेक्टेड फीचर्स, एप्लिकेशन और कनेक्टेड ऑन-डिवाइस अनुभव से लैस है। हमने टीवीएस मोटर के गुणवत्ता वादे को और मजबूत करने के लिए अपने व्यापक अनुसंधान और विकास और सत्यापन प्रक्रिया के माध्यम से नए टीवीएस आईक्यूब को विकसित किया है।”