प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को यहां भारत के सबसे बड़े ड्रोन महोत्सव का उद्घाटन करेंगे और किसान ड्रोन पायलटों से बातचीत करेंगे तथा खुले आसमान के नीचे ड्रोन प्रदर्शन भी देखेंगे। ‘भारत ड्रोन महोत्सव 2022’ दो दिवसीय कार्यक्रम है और 27 मई और 28 मई को आयोजित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक बयान में कहा कि मोदी 27 मई को सुबह 10 बजे (भारतीय समयानुसार) प्रगति मैदान, नई दिल्ली में भारत के सबसे बड़े ड्रोन महोत्सव – भारत ड्रोन महोत्सव 2022 का उद्घाटन करेंगे। बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री किसान ड्रोन पायलटों से बातचीत करेंगे, खुले आसमान के नीचे ड्रोन प्रदर्शन देखेंगे और ड्रोन प्रदर्शनी केंद्र में स्टार्टअप्स से बातचीत करेंगे।
इस महोत्सव में सरकारी अधिकारी, विदेशी राजनयिक, सशस्त्र बल, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम, निजी कंपनियां और ड्रोन स्टार्टअप सहित 1,600 से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे।
प्रदर्शनी में 70 से अधिक प्रदर्शक ड्रोन के विभिन्न उपयोगों को प्रदर्शित करेंगे।
महोत्सव में ड्रोन पायलट प्रमाणपत्र, उत्पाद लॉन्च, पैनल चर्चा, उड़ान प्रदर्शन, मेड इन इंडिया ड्रोन टैक्सी प्रोटोटाइप का प्रदर्शन आदि का वर्चुअल आयोजन भी होगा।